News 18 Plus Bureau/Maharajganj
20 से अधिक कंपनियां करेंगी अभ्यर्थियों का चयन, 10 हजार से 35 हजार रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन; आठवीं पास से बीटेक तक के युवा कर सकेंगे प्रतिभाग।
महराजगंज, 21 नवंबर। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, महराजगंज एवं परमेश्वर सिंह पीजी कॉलेज, फरेंदा के संयुक्त तत्वावधान में 26 नवंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला परमेश्वर सिंह पीजी कॉलेज, फरेंदा परिसर में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा।
रोजगार मेले में 20 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जिनके माध्यम से 2000 से अधिक रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को पद एवं योग्यता के अनुसार 10 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा।
इस रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं, जिन्होंने आठवीं, दसवीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक अथवा बीटेक सहित तकनीकी एवं गैर तकनीकी क्षेत्रों में शैक्षिक योग्यता प्राप्त की हो।
युवाओं के लिए रोजगार पाने का यह एक बेहतर अवसर है। खास बात यह है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने से लेकर चयन प्रक्रिया तक किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को सुबह 10 बजे परमेश्वर सिंह पीजी कॉलेज, फरेंदा पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।