*तेज रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए सड़क पर उतरी यातायात पुलिस, स्पीड राडार गन से हो रही वाहनों की निगरानी!*

News 18 Plus Bureau/Maharajganj

ऑपरेशन सेफ फ्यूचर के तहत परतावल-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलाया जा रहा विशेष अभियान, गति सीमा का उल्लंघन करने वालों के काटे जा रहे चालान।

 

महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महराजगंज यातायात पुलिस द्वारा यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत ऑपरेशन सेफ फ्यूचर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

 

अभियान के क्रम में थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के परतावल-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-730 पर यातायात पुलिस द्वारा इंटरसेप्टर वाहन में लगे स्पीड राडार गन के माध्यम से गुजरने वाले वाहनों की गति मापी जा रही है। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाना, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना और वाहन चालकों के साथ राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

 

महराजगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने से बचें। थोड़ी सी सावधानी न केवल स्वयं की, बल्कि दूसरों की अनमोल जिंदगी भी सुरक्षित रख सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *