News 18 Plus Bureau/Nichalal
शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर, राजस्व मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश।
महराजगंज, 21 नवंबर। तहसील निचलौल में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ तहसील सभागार में जनशिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान जिलाधिकारी ने कुल 158 शिकायतें सुनीं, जिनमें से 15 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी विशेष ध्यान रखा जाए। राजस्व से संबंधित मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर स्थलीय निरीक्षण कराने को कहा, ताकि वास्तविक स्थिति के आधार पर समस्याओं का समाधान हो सके।
उन्होंने तहसील दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण अपने पर्यवेक्षण में कराएं और स्वयं उसकी निगरानी भी करें, जिससे किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में स्थापित ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने स्वीप अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।
इस दौरान सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल भी कुछ देर उपस्थित रहे और उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं।
संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम अवनीश त्रिपाठी कुमार, सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता सुनील गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।