*सीमा क्षेत्र के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय शिक्षा, ठूठीबारी में 10.30 करोड़ से बन रहा विद्यालय 90 फीसदी तैयार!*

News 18 Plus Bureau/Thuthibari

 

डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने निर्माणाधीन सुभाष चंद्र बोस इंटरमीडिएट आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, अगले शिक्षण सत्र से शुरू होगी पढ़ाई; गौसदन मैरी में गोवंशों के संरक्षण और जैविक खाद उत्पादन की व्यवस्थाएं भी परखीं।

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कस्बे में शिक्षा और गोवंश संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सुभाष चंद्र बोस इंटरमीडिएट आवासीय विद्यालय का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि 10 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस विद्यालय का करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य पूरा होने के बाद आगामी शिक्षण सत्र से यहां पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद है।

 

गरीब और वंचित बच्चों को मिलेगी आवासीय शिक्षा

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और शेष 10 प्रतिशत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह आवासीय विद्यालय विशेष रूप से गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए तैयार किया जा रहा है, जहां उन्हें निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवास की सुविधा भी उपलब्ध होगी। डीएम ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

गौसदन मैरी में ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

 

विद्यालय के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने गौसदन मैरी पहुंचकर गोवंशों के लिए चारा, पानी और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आगामी ठंड के मौसम को देखते हुए उन्होंने अलाव, तिरपाल और पर्याप्त भूसे की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि देखभाल में लापरवाही के कारण किसी भी गोवंश की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। गोवंशों के संरक्षण और उनकी नियमित देखरेख में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

गोबर गैस प्लांट और जैविक खाद उत्पादन पर दिया जोर

 

जिलाधिकारी ने गौसदन परिसर में स्थापित गोबर गैस प्लांट का भी निरीक्षण किया और उसे पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गोबर से जैविक खाद और केंचुआ खाद तैयार करने वाली उत्पादन इकाई का अवलोकन कर उत्पादन प्रक्रिया एवं खाद की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गोबर से तैयार जैविक खाद किसानों के लिए उपयोगी है और इससे रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने के साथ जैविक खेती को भी बढ़ावा मिलेगा। डीएम ने केंचुआ उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों को जैविक खाद के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।

 

इस दौरान एसडीएम निचलौल, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *