क्षेत्राधिकारी निचलौल ने थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार और महिला हेल्प डेस्क का किया निरीक्षण; पुलिसकर्मियों को रात्रि गश्त, साइबर अपराधों पर सतर्कता और गांवों की निगरानी के दिए निर्देश।

ठूठीबारी थाने के अर्धवार्षिक निरीक्षण में व्यवस्थाओं को परखा, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर!

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी निचलौल ने रविवार को थाना ठूठीबारी का अर्धवार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, बैरक, मेस, शस्त्रागार एवं महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। साथ ही साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और कार्यालयीय व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान थाने के अभिलेखों एवं विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए जनसुनवाई, प्राप्त प्रार्थना पत्रों और लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

 

इसके बाद उपनिरीक्षकों, विवेचकों, बीट बीपीओ और ग्राम चौकीदारों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें यक्ष ऐप के माध्यम से गांवों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने, साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने और मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

 

क्षेत्राधिकारी ने रात्रि गश्त और चेकिंग व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखने को कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पुलिस कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी, जनोन्मुखी और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *