भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का डीएम ने लिया जायजा, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश!
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/ठूठीबारी
ठूठीबारी (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने ठूठीबारी बॉर्डर का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीमा से आने-जाने वाले लोगों की जांच प्रक्रिया, थर्मल स्कैनिंग और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जांच व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं सतर्क बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। वहीं, एसएसबी बीओपी ठूठीबारी के जवान भी मौके पर मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने सीमा पर तैनात पुलिस एवं एसएसबी के जवानों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि भारत-नेपाल सीमा से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच गंभीरता और सतर्कता के साथ की जाए। थर्मल स्कैनिंग व्यवस्था को भी पूरी तरह प्रभावी रखा जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके।
उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र की प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी बनाए रखना बेहद जरूरी है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
डीएम ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमा संवेदनशील क्षेत्र है और इसकी सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम को आपसी समन्वय और बेहतर तालमेल के साथ लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं एसएसबी के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।