रिपोर्ट ब्यूरो नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
महराजगंज। जनपद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिला अस्पताल के आसपास एक युवती ने कथित तौर पर अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसी युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान ठूठीबारी क्षेत्र निवासी सुनीता के रूप में हुई है। चिकित्सकों के मुताबिक, युवती करीब 55 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि युवती पिछले करीब छह महीने से जिला अस्पताल के आसपास रह रही थी। हालांकि, उसने किन परिस्थितियों में यह खौफनाक कदम उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना को लेकर उठे कई सवाल
दिनदहाड़े हुई इस घटना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आखिर युवती ने खुद को आग लगाने जैसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया? क्या इसके पीछे कोई पारिवारिक, व्यक्तिगत या अन्य वजह है? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।