पुलिस झंडा दिवस पर एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने किया ध्वजारोहण, पुलिसकर्मियों को दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ!

पुलिस लाइन में ध्वज को दी गई सलामी, डीजीपी का संदेश पढ़कर सुनाया गया; वीरता, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प को दोहराया।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज।

 

महराजगंज। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज स्थित क्वार्टर गार्द में समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रेषित संदेश को उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। साथ ही पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।

 

इस अवसर पर एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस झंडा दिवस उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास, अदम्य साहस, त्याग और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है। यह दिवस प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने तथा आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है।

 

उल्लेखनीय है कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता, अदम्य साहस और समर्पित सेवाओं के लिए पुलिस कलर (पुलिस ध्वज) प्रदान किया था। यह विशिष्ट सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था। तभी से प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है।

 

पुलिस ध्वज उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली विरासत, वीरता, अनुशासन और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ध्वज में शामिल लाल एवं नीला रंग पुलिस बल की शक्ति, साहस, निष्ठा और गौरवशाली परंपराओं को प्रदर्शित करता है। यह दिवस पुलिसकर्मियों को विभागीय गरिमा बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत करने का संदेश देता है।

 

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज, क्षेत्राधिकारी लाइन, क्षेत्राधिकारी कार्यालय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *