ब्यूरो/राकेश त्रिपाठी/सिंदुरिया
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देश पर थाना सिंदुरिया पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न बैंकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना तथा अपराध व धोखाधड़ी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बैंक परिसर, मुख्य प्रवेश द्वार, एटीएम, काउंटर और पार्किंग स्थल का गहन भौतिक निरीक्षण किया। साथ ही बैंक प्रबंधन को सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग, अलार्म सिस्टम की कार्यशीलता सुनिश्चित करने और सुरक्षा गार्डों की सतर्क तैनाती के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
पुलिस ने बैंक में मौजूद ग्राहकों को भी जागरूक किया और लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। ग्राहकों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा साइबर और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के प्रति सजग रहें।
थाना सिंदुरिया पुलिस ने बताया कि आमजन की सुरक्षा, सुरक्षित बैंकिंग व्यवस्था और अपराध मुक्त माहौल बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग, सतर्कता और जागरूकता बनाए रखने की अपील की है, ताकि आपराधिक गतिविधियों को समय रहते रोका जा सके।