ब्यूरो रिपोर्ट/ दिलीप कुमार पाण्डेय
सिसवा बाजार
महराजगंज। ग्राम पंचायत विशोखोर में कराए गए सड़क निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रेम सागर पटेल (सभापति, पंचायत राज समिति, उ.प्र. विधान सभा) ने जिलाधिकारी महराजगंज को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सभापति द्वारा प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि पंडित उपेन्द्र नाथ शर्मा (संरक्षक, छोटे लाल दामोदर प्रसाद शिक्षा लाल पीजी कॉलेज, विशोखोर) सहित अन्य शिकायतकर्ताओं ने अवगत कराया है कि ग्राम पंचायत विशोखोर में अयोध्या गौड़ के दरवाजे से मनोज शर्मा के दरवाजे तक निर्मित आरसीसी सड़क में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया है।
पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि संबंधित मार्ग का सक्षम अधिकारी से स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क निर्माण को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पुनः सुनिश्चित कराने की अपेक्षा भी जताई गई है।
सभापति के पत्र के बाद स्थानीय प्रशासनिक तंत्र में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि जांच के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रयुक्त सामग्री और व्यय से जुड़े बिंदुओं की भी गहन समीक्षा की जाएगी।
अब निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों की जवाबदेही किस प्रकार तय की जाती है।