*महराजगंज में स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी उपलब्धियां प्रदर्शित, नौ वर्षों में सेवाओं का हुआ व्यापक विस्तार।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

महराजगंज, 19 मार्च 2026। प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दूसरे दिन स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र की उपलब्धियों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर केंद्रित विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सदर की छात्राओं द्वारा देवी दुर्गा को समर्पित मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य से हुआ, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

 

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश द्विवेदी समेत अन्य अधिकारियों ने जनपद में बीते नौ वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में हुए उल्लेखनीय सुधारों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ट्रामा सेंटर, ड्रग वेयरहाउस, 50 बेड आईसीयू, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण तथा सीएमओ कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य पूरे किए गए हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में बड़ा सुधार हुआ है।

 

उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जनपद के लगभग 8.24 लाख लाभार्थियों को प्रति परिवार प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा वर्ष 2022 से शुरू हुई डायलिसिस सेवा ने गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार की सुविधा प्रदान की है।

 

ट्रामा और आपातकालीन सेवाओं के विस्तार से दुर्घटनाओं और आकस्मिक स्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित हो रही है। किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हर माह लगभग 3 लाख किशोर-किशोरियों को आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां वितरित की जा रही हैं, जिससे एनीमिया नियंत्रण में मदद मिल रही है।

 

कार्यक्रम के दौरान संचारी रोग नियंत्रण अभियान और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। वहीं, महिला एवं बाल कल्याण विभाग ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए संबंधित पुस्तिकाएं वितरित कीं।

 

इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, प्रोबेशन अधिकारी, एमओआईसी डॉ. के.पी. सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आशा एवं एएनएम कार्यकर्ता और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

यह कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का मंच बना, बल्कि आमजन को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने में भी अहम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *