*भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज 

सह संपादक 

महराजगंज, 25 मार्च 2026: जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक एवं पुनर्वास बन्धु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के भूतपूर्व सैनिकों एवं सेवा निवृत्त सैनिकों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

जिलाधिकारी ने सभी भूतपूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

 

बैठक के दौरान भूतपूर्व सैनिकों में सकील अहमद, चन्द्रमोहन, पार्वती देवी और रामसनेही गौतम सहित अन्य ने भूमि विवाद, सार्वजनिक नाली निर्माण और अवैध अतिक्रमण से जुड़े मुद्दे उठाए। इन समस्याओं पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

अंत में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) धीरेंद्र राय ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सैनिकों की समस्याओं के समाधान में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग मिलता है।

 

बैठक में भूतपूर्व सैनिकों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *