*नेपाल में हवाई सुरक्षा पर बड़ा सवाल: उड़ान के कुछ ही मिनटों बाद लापता हुआ हेलीकॉप्टर, 5 लोगों की जिंदगी दांव पर।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी इंडो नेपाल 

नेपाल काठमांडू/दोलखा 27 मार्च 2026 नेपाल में हवाई सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। काठमांडू से दोलखा के लिए उड़ान भरने वाला मस्टैंग एयर का हेलीकॉप्टर उड़ान के कुछ ही मिनटों बाद अचानक लापता हो गया, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने सुबह करीब 9:15 बजे काठमांडू से उड़ान भरी थी। लेकिन दोलखा की ओर बढ़ते समय अचानक उसका संपर्क वायु यातायात नियंत्रण कक्ष से टूट गया। इस घटना के बाद पूरे सिस्टम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।

सूत्रों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर सामान्य रूप से उड़ान भरने के बाद पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचा ही था कि अचानक उससे संपर्क खत्म हो गया। अंतिम संकेत के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिशें लगातार जारी हैं।

 

तेज किया गया खोज अभियान नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण अलर्ट पर नेपाल सेना और पुलिस की संयुक्त टीमें तैनात।पहाड़ी इलाकों में हेलीकॉप्टर और ड्रोन के जरिए सघन तलाशी

 

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के प्रवक्ता जगन्नाथ निरौला ने कहा कि हेलीकॉप्टर से अचानक संपर्क टूटना गंभीर मामला है। अंतिम संकेत के आधार पर लोकेशन ट्रेस की जा रही है और बचाव दलों को तत्काल रवाना कर दिया गया है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

प्रारंभिक आकलन में खराब मौसम को भी इस घटना की एक संभावित वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि उस समय पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बेहद प्रतिकूल था। हालांकि, असली कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

हेलीकॉप्टर में सवार 5 लोगों के परिजनों में गहरी चिंता और बेचैनी का माहौल है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही राहत की खबर सामने लाने की पूरी कोशिश जारी है।

फिलहाल पूरे देश की नजर इस रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *