ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज, 27 मार्च 2026 — जनपद में पेट्रोल और डीजल को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए जिलाधिकारी ने खुद मोर्चा संभालते हुए एसडीएम सदर और जिला पूर्ति अधिकारी के साथ कई पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया और जमीनी हकीकत परखी।
सबसे पहले पकड़ी स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचकर स्टॉक और आपूर्ति व्यवस्था की गहन जांच की गई। यहां पेट्रोल का कुल स्टॉक 34,002 लीटर पाया गया, जिसमें से करीब 5,000 लीटर की बिक्री हो चुकी थी। वहीं डीजल का स्टॉक 43,792 लीटर था, जिसमें 3,523 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। पंप संचालक ने स्पष्ट किया कि किसी प्रकार की कमी नहीं है और तेल कंपनियों से नियमित आपूर्ति जारी है।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे पंपों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है। इस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लोगों से पैनिक खरीदारी से बचने की अपील की।
इसके बाद महुअवा ढाला स्थित मा बोकड़ा देवी फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया गया। यहां पेट्रोल का स्टॉक 23,890 लीटर मिला, जिसमें 8,161 लीटर की बिक्री हो चुकी थी। वहीं डीजल का स्टॉक 14,419 लीटर था, जबकि मात्र 91 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। पंप संचालक ने बताया कि बिक्री सामान्य रूप से जारी है, हालांकि भीड़ सामान्य दिनों से अधिक है।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी हालत में गैलन या डिब्बों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री नहीं की जाएगी। साथ ही, संदिग्ध खरीद या गतिविधियों की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद लोगों को भी समझाया कि वे अफवाहों के झांसे में आकर ईंधन का भंडारण न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को पर्याप्त आपूर्ति मिल सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों का लगातार निरीक्षण सुनिश्चित करें और कहीं भी अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।
जनपद में कुल 134 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां इस समय 1,036 किलोलीटर डीजल और 842 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। 26 मार्च को जिले में 650 किलोलीटर डीजल और 376 किलोलीटर पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई, जो यह दर्शाता है कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
साफ है—महराजगंज में ईंधन की कोई कमी नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है।