ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 28 मार्च 2026 — नेपाल के कुछ हिस्सों में बर्ड फ्लू के फैलाव को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बर्ड फ्लू संबंधी जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में अब तक बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है और आसपास के जिलों में भी स्थिति सामान्य बनी हुई है। हालांकि नेपाल के छापा और मोरंग जैसे क्षेत्रों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं, लेकिन सीमावर्ती जिले नवलपरासी और रूपनदेही में अभी कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है।
उन्होंने बताया कि कुक्कुट पालकों से लगातार संवाद किया जा रहा है। बर्ड फ्लू नियंत्रण के लिए तहसील स्तर पर चार त्वरित कार्यवाही दल (आरआरटी) का गठन किया गया है, जिनमें उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी और अन्य कर्मचारियों को शामिल किया गया है। साथ ही जनपद स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसका नंबर 8765957965 है। यह कंट्रोल रूम सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक सक्रिय रहेगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बर्ड फ्लू के किसी भी संभावित मामले की सूचना के त्वरित आदान-प्रदान के लिए संबंधित विभागों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। सभी तहसील स्तरीय पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में पीपीई किट उपलब्ध कराने और सीमावर्ती क्षेत्रों में रैंडम सैंपलिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराने के साथ ही कुक्कुट पालकों से अपील की कि वे जांच और सैंपलिंग में सहयोग करें। साथ ही बर्ड फ्लू के लक्षणों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया, ताकि किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना समय रहते मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीवीओ डॉ. एजाज़ अहमद, डिप्टी सीवीओ डॉ. विनोद विश्वकर्मा, एआरटीओ मनोज सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, एई पीडब्ल्यूडी करन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।