ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी सिसवा
मुख्य सम्पादक
महराजगंज जनपद के सिसवा नगर में रविवार का दिन गौरव और प्रेरणा से भरा रहा, जब नगरपालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल के आवासीय कार्यालय पर युवा साहस और समर्पण का प्रतीक बने सूर्या उर्फ सूरज रावत को सम्मानित किया गया।
सूर्या ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा को साकार करते हुए 1360 किलोमीटर की लंबी पदयात्रा पूरी की। 41 दिनों तक लगातार पैदल चलते हुए उन्होंने पंजाब के फिरोजपुर स्थित हुसैनीवाला राष्ट्रीय शहीद स्मारक पहुंचकर भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अद्भुत संकल्प और देशभक्ति की भावना के लिए उन्हें समारोह में अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और भगत सिंह का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि सूर्या का यह साहसिक प्रयास युवाओं के लिए एक मजबूत संदेश है कि दृढ़ निश्चय और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
सम्मान समारोह में मनोनीत सभासद मुन्ना गोंड, शिव कुमार तिवारी, हर्ष जायसवाल, धीरज जायसवाल, राहुल जायसवाल सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल एक युवक की उपलब्धि का सम्मान था, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और समर्पण की भावना जगाने का प्रेरणादायी उदाहरण भी बना।