ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज, 30 मार्च जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित अग्निकांड की घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हीट वेव (लू) एवं पराली अग्निकांड प्रबंधन को लेकर अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने साफ संकेत दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को तत्काल प्रभाव से कार्ययोजना तैयार कर उसे जमीन पर लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय के जरिए हीट वेव के दुष्प्रभाव और आग की घटनाओं को न्यूनतम करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कंबाइन/रीपर मशीनों का उपयोग केवल पूर्ण फसल कटाई के बाद ही किया जाए और भूसा निर्माण के दौरान फायर लाइन बनाना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विद्युत विभाग को जर्जर ट्रांसफॉर्मर और बिजली लाइनों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। वहीं वन विभाग को जंगलों में आग रोकने के लिए फायर कंट्रोल लाइन बनाने और कंट्रोल बर्निंग की पूर्व सूचना अग्निशमन विभाग को देने के लिए कहा गया।
अग्निशमन विभाग को सभी उपकेंद्रों पर फायर टेंडर और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को ओआरएस और जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया, जबकि नगर निकायों को पेयजल और छायादार स्थानों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालयों के समय में बदलाव किया जा सकता है। साथ ही सभी एसडीएम को गांव-गांव में जल स्रोतों की मैपिंग कर उन्हें सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं। लेखपालों और ग्राम सचिवों को गांव स्तर पर बैठक कर तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने भी सख्ती दिखाते हुए सभी थानों को कंबाइन और स्ट्रा रीपर संचालकों के साथ बैठक कर शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला आपदा विशेषज्ञ द्वारा हीट वेव प्रबंधन पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। इस दौरान वन, स्वास्थ्य, राजस्व, विकास और नगर निकायों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।