*16 नवंबर से शुरू होगी जनगणना-2027 की स्वगणना प्रक्रिया, डीएम ने तैयारियों को लेकर कसी कमर।*

Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj

 

अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश, प्रचार-प्रसार के लिए डुग्गी-मुनादी से लेकर सार्वजनिक स्थलों पर लगेंगे जागरूकता संदेश; सभी तहसीलों और नगर निकायों में स्थापित होंगे कंट्रोल रूम।

 

महराजगंज, 12 नवंबर। जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 16 नवंबर से शुरू होने वाली स्वगणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित कराने और स्वगणना अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना जितनी प्रभावी और व्यापक होगी, जनगणना का कार्य उतना ही आसान होगा। इससे सही, सटीक और विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को स्वयं क्षेत्र में भ्रमण करने तथा प्रगणकों को सक्रिय कर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कराने का निर्देश दिया।

 

स्वगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी ने व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने व्यापारियों, उद्यमियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों सहित विभिन्न प्रभावशाली समूहों के साथ बैठक कर उनका सहयोग लेने को कहा। जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में डुग्गी-मुनादी के माध्यम से प्रचार कराने के निर्देश दिए। साथ ही पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों, सरकारी कार्यालयों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता संबंधी प्रचार सामग्री प्रदर्शित कराने को कहा।

 

डीएम ने सभी तहसीलों और नगरीय निकायों में जनगणना संबंधी कंट्रोल रूम स्थापित करने का भी निर्देश दिया, ताकि अभियान की नियमित निगरानी, आपसी समन्वय और प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

 

बैठक से पहले जिलाधिकारी ने स्वगणना की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार ने जनगणना की आगामी प्रक्रियाओं से अवगत कराया तथा जनगणना आयुक्त एवं निदेशक, जनगणना द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य संपादित करने की जानकारी दी।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, समस्त चार्ज अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *