ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 30 मार्च 2026 जिला जज अरविंद मालिक, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना द्वारा जिला कारागार महराजगंज का त्रैमासिक संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुरुष बैरक, महिला बैरक, रसोई एवं पूरे जेल परिसर का गहन अवलोकन किया गया। जिला जज ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी बंदियों के मानवाधिकारों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से समन्वय स्थापित कर जरूरतमंद बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बीमार बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
महिला बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया गया। निरीक्षण के दौरान जेल की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया।
जेल अधीक्षक बी.के. गौतम के अनुसार, वर्तमान में जेल में कुल 589 बंदी निरुद्ध हैं, जिनमें 533 पुरुष, 30 महिला एवं 26 अल्पवयस्क बंदी शामिल हैं। साथ ही 5 विदेशी बंदी भी जेल में निरुद्ध हैं।
इस दौरान सीजेएम मुकेश यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।