ब्यूरो रिपोर्ट/दिलीप कुमार पाण्डेय महराजगंज
महराजगंज, 30 मार्च 2026 — कलेक्ट्रेट स्थित बुद्धा सभागार में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की उपस्थिति में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की नव चयनित 3 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व 54 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जहां मुख्यमंत्री द्वारा 46 जिलों के 754 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही 3 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का शिलान्यास और 32 केंद्रों का लोकार्पण किया गया।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार जनहित में निरंतर कार्य कर रही है और प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही है। उन्होंने बताया कि सभी नियुक्तियां पूरी पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर की जा रही हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पाण्डेय, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीकृष्ण गोपाल जायसवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, संबंधित सीडीपीओ, नव नियुक्त कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक डीआरडीए रामदर्श चौधरी ने किया।