ब्यूरो रिपोर्ट /अभिषेक चंद श्रीवास्तव सिसवा
महराजगंज।स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के चिउटहा स्थित नवनिर्माण इंटरमीडिएट कॉलेज, पिपरा बाजार में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपलक्ष्य में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि अनुप श्रीवास्तव, विद्यालय के प्रशासक अरुण तिवारी तथा प्रधानाचार्य आशुतोष सिंह ने संयुक्त रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति-पत्र एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए। अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों की सफलता की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
घोषित परिणामों के अनुसार प्राथमिक वर्ग में आयुष्का पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। अरिन्या पटेल द्वितीय तथा फाहिमा खातून तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं जूनियर एवं इंटरमीडिएट वर्ग में कृति तिवारी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कनक तिवारी द्वितीय और जिशान मोहम्मद तृतीय स्थान पर रहे।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष प्रोत्साहन के रूप में अगली कक्षा की पाठ्य-पुस्तकें भी प्रदान की गईं। इस पहल की अभिभावकों ने सराहना की और बच्चों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त किया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पुरुषोत्तम चौधरी, रमेश कुमार पाण्डेय, संजय कुमार पटेल, बृजेश कुमार पटेल, रीना गुप्ता, भास्कर सिंह, विवेक गुप्ता, अनुराधा निषाद, सलोनी रावत, ताहिरा खातून, सुधांशु पाण्डेय, राजकुमार प्रजापति, कंचन तिवारी, धर्मेन्द्र यादव, अमन उपाध्याय, निशा, बलिराम, सूरज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।