ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज, 31 मार्च 2026 जनपद में राजस्व विवादों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल प्रारम्भ की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद को “राजस्व विवाद मुक्त” बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा समस्त उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में निर्देशित किया गया कि जनपद में लंबित समस्त राजस्व विवादों का व्यवस्थित एवं श्रेणीबद्ध वर्गीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रभावी रणनीति बनाई जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि
प्रथम श्रेणी में वे विवाद शामिल किए जाएं, जिनका निस्तारण ग्राम पंचायत स्तर पर सुलह–समझौते अथवा सीमित प्रशासनिक हस्तक्षेप से संभव है।
द्वितीय श्रेणी में राजस्व न्यायालयों में विचाराधीन वादों को रखा जाए, जिनका अभियान चलाकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
तृतीय श्रेणी में सिविल न्यायालयों में लंबित वादों को शामिल कर शासकीय अधिवक्ताओं के माध्यम से प्रभावी पैरवी कर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
▪️ चतुर्थ श्रेणी में सार्वजनिक उपयोग की सुरक्षित भूमि को सूचीबद्ध कर उन पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने हेतु कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि गांवों में भूमि विवादों को तय समयसीमा में समाप्त किया जाए। कई मामलों में आपसी सहमति या सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया से विवाद समाप्त हो सकते हैं, लेकिन लंबित रहने से कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता पर चलाते हुए नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समयसीमा में ठोस परिणाम प्रस्तुत करें।
यह पहल न केवल राजस्व विवादों के स्थायी समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि इससे जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आमजन को त्वरित न्याय भी मिल सकेगा।