*महराजगंज में थीम आधारित वृक्षारोपण अभियान की तैयारी तेज, आय सृजन और पर्यावरण संरक्षण पर फोकस।*

ब्यूरो रिपोर्ट/दिलीप कुमार पाण्डेय महराजगंज 

महराजगंज, 31 मार्च 2026 — जनपद में प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान को योजनाबद्ध और प्रभावी बनाने के लिए थीम आधारित दृष्टिकोण अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।

 

निर्देश दिए गए कि अमृत सरोवरों, मनरेगा पार्कों, खेल मैदानों और ग्रामीण स्टेडियमों में निर्धारित थीम के अनुसार वृक्षारोपण किया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थलों की उपयोगिता और सौंदर्य में भी वृद्धि हो। सड़कों के दोनों ओर एक ही प्रजाति के सजावटी पौधे लगाने पर बल दिया गया, ताकि मार्ग आकर्षक और सुव्यवस्थित दिखें।

 

शहरी क्षेत्रों में मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण के लिए चयनित स्थलों को समय से तैयार करने और वर्षा ऋतु से पहले गड्ढों की खुदाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे समयबद्ध तरीके से रोपण कार्य पूरा हो सके।

 

वृक्षारोपण को आय सृजन से जोड़ते हुए फलदार और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण पौधों के रोपण पर जोर दिया गया। साथ ही व्यक्तिगत वृक्षारोपण को बढ़ावा देने और कार्बन क्रेडिट के माध्यम से आय की संभावनाओं को लेकर वन विभाग को कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

 

“हर मेड़ा पर पेड़” अभियान के तहत गांवों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की बात कही गई। सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों के अनुरूप थीम तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि अभियान को समन्वित और परिणामोन्मुख बनाया जा सके।

 

लोगों को पौधों से होने वाली आय के प्रति जागरूक करने और अभियान को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ सफल बनाने पर भी विशेष बल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *