ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी /महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज, 04 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर लखनऊ से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया, जहां जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित बच्चों एवं बालिकाओं का फूलमालाओं से स्वागत किया गया तथा उन्हें स्कूल बैग, पुस्तकें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा का क्रमबद्ध विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि छोटे बच्चों को प्रारंभ में आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़ा जाए और 6 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर उनका प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कक्षा 5 के बाद कक्षा 6 में प्रवेश की निरंतरता बनाए रखने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि ‘सर्व शिक्षा अभियान’ एवं ‘स्कूल चलो अभियान’ के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और ड्रॉपआउट बच्चों का चिन्हांकन कर उनका पुनः नामांकन कराया जाए।
बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं केंद्रीय विद्यालयों में बेहतर एवं सुविधायुक्त शिक्षा उपलब्ध है, जिसका अधिकतम लाभ दिलाया जाए। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ करें तथा बच्चों के प्रति सकारात्मक और प्रेरणादायी व्यवहार अपनाएं।
विद्यालयों में स्वच्छता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। छोटी-छोटी कमियों के लिए केवल प्रशासन पर निर्भर न रहकर स्वयं भी सुधार के प्रयास किए जाएं।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं परिषदीय विद्यालयों की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान’ का प्रथम चरण 15 अप्रैल तक संचालित होगा, जबकि दूसरा चरण जुलाई माह में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में कुल 30 बच्चों को स्कूल बैग, किताबें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
जनपद में वर्तमान में 1724 परिषदीय विद्यालय, 1101 निजी विद्यालय तथा 44 शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय संचालित हैं, जिनमें कुल 1,93,278 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विगत वर्ष 45,260 नए नामांकन हुए, जिनमें से 1,79,748 विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से लाभान्वित किया गया।