*शहीद विजय कुमार की 16वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ अनुभव पटेल/ ठूठीबारी 

ठूठीबारी क्षेत्र में सोमवार को वीर सपूत शहीद विजय कुमार की 16वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का भव्य आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान अजय कुमार के नेतृत्व में पंचायत भवन पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

 

उल्लेखनीय है कि 6 अप्रैल 2010 को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए भीषण नक्सली हमले में विजय कुमार ने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके इस अदम्य साहस और बलिदान को आज भी क्षेत्रवासी गर्व और सम्मान के साथ याद करते हैं।

 

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता। उनका जीवन और संघर्ष देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर, पुलिस विभाग, 22वीं वाहिनी एसएसबी, कस्टम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, व्यापारी वर्ग, पत्रकार और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष भवन गुप्ता, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, अवधेश मद्धेशिया, विश्वंभर पाठक सहित कई प्रमुख लोग शामिल हुए। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद विजय कुमार को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। ग्राम प्रधान अजय कुमार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों के सम्मान में ऐसे आयोजन लगातार होते रहेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान से प्रेरणा लेती रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *