*खेत में उतरे डीएम: सोनरा में क्रॉप कटिंग से निकला उपज का सटीक आंकड़ा, किसानों को मिलेगा सही मुआवजा।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ दिलीप कुमार पाण्डेय/महराजगंज 

 

महराजगंज, 06 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की उपस्थिति में विकास खंड सदर के ग्राम सोनरा में क्रॉप कटिंग प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान रेंडम विधि से चयनित कृषक धर्मेंद्र गौड़ के खेत में सांख्यिकीय तरीके से क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। निर्धारित 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में की गई कटाई से 14.900 किलोग्राम फसल उत्पादन प्राप्त हुआ। इस प्रक्रिया के माध्यम से फसल की वास्तविक पैदावार का वैज्ञानिक आकलन किया गया, जिससे जनपद में कृषि उत्पादन और उत्पादकता के सटीक आंकड़े तैयार किए जा सकें।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग कृषि आंकलन की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके जरिए जिले की औसत उपज निर्धारित होती है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा मिलता है।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी ब्लॉकों में यह प्रयोग पारदर्शिता और वैज्ञानिक पद्धति से समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

 

इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद कर उन्हें उन्नत कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करती है। साथ ही किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री कराने के लिए भी जागरूक किया गया, ताकि उन्हें योजनाओं का निरंतर लाभ मिल सके।

 

क्रॉप कटिंग के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र कुमार, सांख्यिकी अधिकारी भूपेंद्र गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *