ब्यूरो रिपोर्ट/दिलीप कुमार पाण्डेय/महराजगंज
महराजगंज, 08 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खजूरिया का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, रसोईघर और छात्रावास की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं की शैक्षिक प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और दैनिक गतिविधियों के संचालन को लेकर बीएसए से विस्तृत जानकारी ली गई। मुख्य द्वार पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रवेश क्षेत्र की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।
रसोई में रोटी मेकिंग मशीन बंद मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और तत्काल संचालन हेतु प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए पोषण मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। परिसर और छात्रावास की साफ-सफाई को लेकर भी बीएसए को व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद कर उनके ज्ञान का आकलन किया और विज्ञान, कंप्यूटर व सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे। मिशन शक्ति के तहत उन्हें जागरूक करते हुए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर देते हुए छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्यालय प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और प्रभावी तरीके से सुधारने के निर्देश दिए गए, ताकि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान बीएसए रिद्धी पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।