*अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली का कहर: सिसवा में फेरी वाले की दर्दनाक मौत, चालक फरार।*

ब्यूरो रिपोर्ट/संतोष कुमार/सिसवा कोठीभार 

 

महराजगंज जनपद के सिसवा नगर पालिका क्षेत्र के सबया में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 48 वर्षीय एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

 

मृतक की पहचान सिसवा कस्बे के गोपालनगर मोहल्ला निवासी मोहन वर्मा (48) के रूप में हुई है, जो फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार रात बहुआर बाजार से अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 10 बजे जैसे ही मोहन सबया रेलवे क्रॉसिंग पार कर आगे बढ़े, तभी सिसवा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर मौके पर ही पलट गया और मोहन उसके नीचे दब गए।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे मोहन को बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया।

 

इस संबंध में सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है।

 

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है, जिससे एक परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *