ब्यूरो रिपोर्ट/रामेश्वर त्रिपाठी/महाराजगंज
महराजगंज जनपद के गोरखपुर-महराजगंज नेशनल हाईवे पर स्थित परतावल चौराहे पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। डंपर और ट्रेला के बीच हुई जोरदार टक्कर में ट्रेला चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों वाहन पलट गए और पास की एक जूस की दुकान पूरी तरह ध्वस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरियाणा नंबर का ट्रेला कप्तानगंज की ओर से परतावल की तरफ आ रहा था, जबकि डंपर गोरखपुर से महराजगंज की दिशा में बढ़ रहा था। इसी दौरान परतावल चौराहे पर अचानक स्थिति बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि ट्रेला चालक पनियरा की ओर मुड़ने की कोशिश कर रहा था और सामने से आ रहे डंपर को बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों वाहनों में आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई।
यह हादसा देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ, जब चौराहे पर सन्नाटा था। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हादसे में ट्रेला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल मृतक चालक की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर लापरवाही और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने चौराहे पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।