महराजगंज में ‘जनता दर्शन’ की लाइव मॉनिटरिंग से प्रशासन हुआ और सक्रिय, शिकायतों के निस्तारण में आई तेजी।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय उपसंपादक 

 

 

जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए एक अभिनव पहल के तहत प्रतिदिन आयोजित होने वाले ‘जनता दर्शन’ की अब लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य न केवल जनता दर्शन को नियमित और व्यवस्थित बनाना है, बल्कि इसकी गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना भी है।

 

प्रतिदिन प्रातः 10 बजे एक निर्धारित लिंक के माध्यम से सभी उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और जिला स्तरीय अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित किया जाता है। इस दौरान अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रकरणों पर की गई कार्रवाई की अद्यतन जानकारी ली जाती है। मौके पर ही मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं, जिससे समस्याओं का शीघ्र और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित हो सके।

 

इस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी द्वारा खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के जनता दर्शन की नियमित निगरानी की जा रही है। वहीं, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) नगर निकायों में अधिशासी अधिकारियों (ईओ) के जनता दर्शन पर नजर बनाए हुए हैं।

 

यह समन्वित मॉनिटरिंग प्रणाली प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता को मजबूती दे रही है। इसके साथ ही आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जनता दर्शन को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

 

यह पहल प्रदेश सरकार की सुशासन की अवधारणा को सशक्त करने और नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *