रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय उपसंपादक
महराजगंज, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी और मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ गोसदन मधवलिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पशु शेड, वर्मी कंपोस्ट खाद, गोबर गैस प्लांट और हरे चारे की स्थिति देखी गई। गोबर गैस प्लांट की मरम्मत में देरी पर नाराजगी जताते हुए एई जल निगम को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। साथ ही जर्जर भवन को ध्वस्त करने और अनुपयोगी शेड की मरम्मत कर उनमें गोवंश रखने के निर्देश दिए गए।
गोसदन में कुल 739 गोवंश हैं, जिनमें 559 नंदी और 180 गाय शामिल हैं। पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, चोकर, पशु आहार और साइलेज उपलब्ध है। गोसदन की भूमि पर बड़े पैमाने पर बाजरा, नेपियर और जई की खेती कर हरे चारे की व्यवस्था की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान एक बीमार गोवंश की जानकारी लेकर बेहतर उपचार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अतिरिक्त आय के लिए फलदार वृक्षों के रोपण पर भी जोर दिया गया।
वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है, वहीं गोबर से गोकाष्ठ भी तैयार किया जा रहा है। इन उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर मार्केट लिंकेज और प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों और अंत्येष्टि स्थलों पर गोकाष्ठ के उपयोग के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि गोसदन को आत्मनिर्भर और मॉडल बनाने की पूरी संभावना है, जिसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार कर उसे लागू करने की जरूरत है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोवंश को गुड़, केला और चना भी खिलाया। इस अवसर पर डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक आर.डी. चौधरी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ एजाज़ अहमद, बीडीओ निचलौल शमा सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।