ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी निचलौल
सह संपादक
थाना समाधान दिवस: पुलिस-राजस्व की संयुक्त कार्रवाई से मिलेगा त्वरित न्याय।
महराजगंज, 11 अप्रैल 2026। जनपद के सभी थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने थाना चौक और थाना निचलौल पहुंचकर फरियादियों की शिकायतों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण पुलिस और राजस्व विभाग के समन्वय से तय समयसीमा के भीतर किया जाए, ताकि लोगों को इधर-उधर भटकना न पड़े और उन्हें त्वरित न्याय मिल सके।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से जमीन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी मामलों का निस्तारण पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा किया जाए। साथ ही, थाना स्तर, आईजीआरएस या अन्य माध्यमों से प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को थाना समाधान दिवस रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
निर्देश दिए गए कि समाधान दिवस के मौके पर दोनों पक्षों को बुलाकर पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से मामलों का समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस पहल से न केवल शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी, बल्कि आमजन का प्रशासन पर भरोसा भी मजबूत होगा।