ब्यूरो रिपोर्ट संतोष/कुमार/ सिसवा कोठीभार
महराजगंज जिले के सिसवा-कोठीभार थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की जान चली गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और गहरा शोक फैल गया।
जानकारी के मुताबिक, 13 अप्रैल 2026 को शाम करीब 8:15 बजे सबया चिरैयोकोट पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ। महराजगंज डिपो की बस निचलौल से सिसवा की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार युवक सामने से आ रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक बस के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में साहिल साहनी, किसन साहनी और अमरीश साहनी शामिल थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह बस की तेज रफ्तार बताई जा रही है। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर ही लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, बस को भी कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।