Bureau Report/ Narsingh Upadhyay /Maharajganj
Deputy Editor
महराजगंज, 27 अप्रैल 2026 जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन, शांति भंग की आशंका और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना लाइसेंस, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार जैसे मामलों में 290 वाहनों का चालान किया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने विभिन्न मामलों में 48 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान किया। इसके अलावा पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत 10 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में “मिशन शक्ति” अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षा संबंधी जानकारी दी और विश्वास का माहौल बनाने का प्रयास किया।
जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बाजारों, बैंकों, एटीएम और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग की गई तथा व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। साथ ही अतिक्रमण हटाने में सहयोग की अपील भी की गई।
पुलिस अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, किसानों और संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठकें आयोजित कर आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
लंबित मामलों के निस्तारण के तहत चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने 16 विवेचनाओं का निपटारा किया। इसके अलावा 26/27 अप्रैल 2026 के दौरान विभिन्न मामलों में 48 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई।