रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
नगर कस्बा, 08 मई 2026:
बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को नगर कस्बा क्षेत्र में स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। यातायात प्रभारी अरुणेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने स्कूल और कॉलेज की बसों की फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन जांच की। जांच का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना रहा।
इस दौरान कई वाहनों में खामियां पाई गईं, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 4 स्कूली बसों का चालान किया गया, जबकि एक बस को फिटनेस प्रमाणपत्र न होने के कारण सीज कर दिया गया। साथ ही कुल ₹18,000 का जुर्माना भी वसूला गया।
यातायात प्रभारी ने वाहन चालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी बसों में सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा अग्निशामक यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स हर समय उपलब्ध रखें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।