*रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का शव, शिनाख्त में जुटी कोठीभार पुलिस!*

Bureau Report /News 18 Plus /Siswa Kothibar 

 

सिसवा बाजार/महराजगंज। सिसवा बाजार और घुघली के बीच रेलवे ट्रैक पर गुरुवार को करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर किनारे कराया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो सकी।

 

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक को ट्रेन संख्या 19725 के चालक ने सूचना दी कि सिसवा बाजार-घुघली के बीच रेलवे ट्रैक के किलोमीटर 337/17 पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलने के बाद कोठीभार पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मटियरिया गांव के सामने रेलवे ट्रैक के बीच करीब 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला।

 

पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। पहचान नहीं होने पर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर अज्ञात युवक का शव मिला है। मौके पर पुलिस टीम ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है और नियमानुसार पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *