Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj
80.31 प्रतिशत बीयू-सीयू की एफएलसी ओके, पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के मानकों के पालन पर जोर।
महराजगंज, 29 अक्टूबर 2026। आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए जांच प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि एफएलसी कार्य के समय जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति यथासंभव सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि एफएलसी कक्ष के अंदर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मोबाइल फोन लेकर प्रवेश न करे। साथ ही, बिना पहचान पत्र के किसी को भी कक्ष में प्रवेश की अनुमति न दी जाए।
जिलाधिकारी ने एफएलसी स्थल पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए जांच प्रक्रिया को निर्धारित समय और मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
80 प्रतिशत से अधिक बीयू-सीयू की जांच पूरी
डिप्टी कलेक्टर विजय यादव ने जिलाधिकारी को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार एफएलसी का कार्य कराया जा रहा है। अब तक 80.31 प्रतिशत बैलेट यूनिट (बीयू) और कंट्रोल यूनिट (सीयू) की एफएलसी ओके हो चुकी है, जबकि उपलब्ध विवरण के अनुसार 76.13 प्रतिशत एफएलसी ओके हुई है।
जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी के माध्यम से एफएलसी कार्य का जायजा लिया और संबंधित रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों की भी जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद उन्होंने गार्ड रूम का निरीक्षण किया तथा वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को सतर्कता के साथ प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर विजय यादव, प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।