महराजगंज पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: 502 वाहनों का चालान, 49 गिरफ्तार, अवैध शराब और तमंचा बरामद।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

महराजगंज पुलिस ने अपराध एवं कानून व्यवस्था को लेकर सोमवार को जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया। यातायात नियमों के उल्लंघन, शांति भंग की आशंका, अवैध शराब कारोबार, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और पैदल गश्त अभियान के तहत पुलिस ने कई बड़ी कार्रवाइयां कीं।

 

जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने दो पहिया वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, तेज रफ्तार और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 502 वाहनों का चालान किया गया।

 

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए 49 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। वहीं 25 लोगों के खिलाफ धारा 34 पुलिस एक्ट में भी कार्रवाई की गई।

 

इसी क्रम में “मिशन शक्ति” अभियान के तहत महिला सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया।

 

पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जिले के सभी थानों में पैदल गश्त अभियान भी चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों ने बाजारों, बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की चेकिंग कर आम लोगों से संवाद स्थापित किया। पुलिस ने व्यापारियों और नागरिकों से अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

 

जनसंवाद कार्यक्रम के तहत पुलिस अधिकारियों ने धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों और संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा अफवाहों से बचने की अपील की।

 

थाना फरेन्दा पुलिस की कार्रवाई

 

फरेन्दा पुलिस ने किशन विश्वकर्मा निवासी सिधवारी टोला हरिवंशपुर को एक अवैध 315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।

 

थाना नौतनवा पुलिस की कार्रवाई

 

नौतनवा पुलिस ने गेंदा पत्नी रामजीत निवासी धोतिहवा टोला भटवा को 5 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

थाना चौक पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

चौक पुलिस ने सुग्रीव और दिनेश यादव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 35 अदद बंटी बबली तथा 60 लीटर देशी शराब बरामद की। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

थाना ठूठीबारी पुलिस की कार्रवाई

 

ठूठीबारी पुलिस ने नेपाल राष्ट्र निवासी अनिल यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 98 बोरी कद्दू बीज और एक पावर ट्रैक्टर बरामद किया। मामले में कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

 

इसके अलावा लंबित मामलों के निस्तारण अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों द्वारा 13 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया। वहीं 17/18 मई की रात विभिन्न मामलों में कुल 49 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *