*कलेक्ट्रेट में डीएम का औचक निरीक्षण, 17 अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित; स्पष्टीकरण तलब!*

Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj 

 

अभिलेखों के रखरखाव में मिली लापरवाही पर जिलाधिकारी नाराज, कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के दिए सख्त निर्देश।

 

 

महराजगंज, 17 नवंबर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी के अचानक निरीक्षण से कार्यालयों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कुल 17 अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय, जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, भूलेख कार्यालय, कोषागार सहित अन्य कार्यालयों का भ्रमण किया। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी, खनन अधिकारी अजीत कुमार, नाजिर वेद प्रकाश, सहायक सांख्यिकी अधिकारी (भूलेख) भूपेंद्र गुप्ता तथा डूडा कार्यालय के सीएलटीसी कृष्णमुनि एवं जनार्दन गुप्ता अनुपस्थित मिले।

 

इसके अलावा आपदा विशेषज्ञ चंदन कुमार, प्रधान सहायक दीपक कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ सहायक राजाराम चौधरी, मनोज धर दूबे एवं घनश्याम वर्मा, लेखपाल राम आशीष तथा भूलेख कार्यालय की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हेमंती देवी भी अनुपस्थित पाई गईं।

 

अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का रखरखाव एवं उन्हें व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को सभी अभिलेख सुव्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यालयों में साफ-सफाई, सुव्यवस्था और अभिलेखों का उचित रखरखाव अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर जोर देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *