बरियारपुर में बिजली ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आए तीन बच्चे, बुरी तरह झुलसे!

Bureau Report /News 18 Plus /Siswa Kothibar 

 

शादी समारोह में रास्ता रोकने के लिए लगाया गया लोहे का टेंट पाइप बना हादसे की वजह, एक बच्चे की हालत गंभीर; बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर।

 

महराजगंज।कोठीभार थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे बिजली के ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया गया, जहां एक बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

 

मिली जानकारी के अनुसार, बरियारपुर निवासी शहाबुद्दीन पुत्र अली के घर उनकी बेटी की शादी थी। शादी समारोह में बड़ी गाड़ियों के आवागमन को रोकने के लिए टेंट का लोहे का पाइप लगाकर रास्ता अवरुद्ध किया गया था। मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्कूल से लौट रहे साहिल (12) पुत्र मुसाफिर, चांद (13) पुत्र मुसाफिर और आशीष (15) पुत्र उमेश रास्ते में लगे पाइप को हटाने लगे। इसी दौरान लोहे का पाइप पास में स्थित विद्युत ट्रांसफॉर्मर से टकरा गया, जिससे तीनों बच्चे करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चांद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। अन्य दोनों बच्चों का भी उपचार जारी है।

 

पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में बच्चों की सुरक्षा और विद्युत ट्रांसफॉर्मर के आसपास सावधानी बरतने को लेकर चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *