तंत्र-मंत्र के शक में हत्या: बेटे की मौत का बदला लेने के लिए तांत्रिक को उतारा मौत के घाट, शव बस्ती में फेंका।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: महराजगंज

 

महराजगंज पुलिस को एक सनसनीखेज हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने तांत्रिक की हत्या कर शव को छिपाने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राघवेन्द्र सिंह उर्फ जेलर निवासी सहजनवा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। आरोपी पर आरोप है कि उसने रमाकान्त चौहान नामक व्यक्ति की हत्या कर शव को जनपद बस्ती में सड़क किनारे फेंक दिया था।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रमाकान्त चौहान झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का काम करता था। आरोपी राघवेन्द्र सिंह के घर पूजा-पाठ के सिलसिले में उसका आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया था। आरोपी का कहना है कि उसके बेटे ऋषभ सिंह की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के पीछे रमाकान्त के तंत्र-मंत्र का हाथ होने का शक उसे था।

 

इसी शक में आरोपी ने हत्या की साजिश रची। 1 जून 2025 को वह रमाकान्त को पूजा-पाठ के बहाने कार से अपने साथ ले गया। रास्ते में उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बाद में सहजनवा क्षेत्र के सुनसान इलाके में लोहे की पाइप से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

 

हत्या के बाद आरोपी शव को कार में रखकर जनपद बस्ती ले गया और एक सुनसान लिंक रोड पर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजन लगातार आरोपी से पूछताछ करते रहे, लेकिन वह गुमराह करता रहा। बाद में मृतक की पत्नी की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।

 

पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद की है।

 

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार, उपनिरीक्षक अंजनी कुमार यादव समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *