न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: महराजगंज
महराजगंज पुलिस द्वारा जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं दोपहिया वाहनों की सघन चेकिंग करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 561 वाहनों का चालान किया।
चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना लाइसेंस वाहन चलाने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने एवं तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई।
वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 60 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा, जबकि 30 लोगों के विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
“मिशन शक्ति” अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जनपद के सभी थाना प्रभारियों द्वारा पैदल गश्त भी की गई। इस दौरान बाजारों, बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्रों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की गई। व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा अतिक्रमण हटाने में सहयोग की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद किया गया तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई।
थाना नौतनवा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए राजू पुत्र पूर्णवासी के कब्जे से नेपाली शराब तथा श्यामकरन के कब्जे से 90 पाउच देशी शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।
थाना सोनौली पुलिस ने फेकू पासवान के कब्जे से 16 शीशी नेपाली शराब बरामद कर कार्रवाई की। वहीं थाना बृजमनगंज पुलिस ने विजय एवं तीर्थी देवी के कब्जे से अवैध कच्ची शराब बरामद कर मुकदमा पंजीकृत किया।
इसके अतिरिक्त लंबित विवेचनाओं के निस्तारण अभियान के तहत विभिन्न थानों द्वारा 16 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार 19/20 मई 2026 की अवधि में विभिन्न अपराधों में कुल 66 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।