*मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की एएलएस एम्बुलेंस ने बचाई जान फरेंदा से जिला अस्पताल तक त्वरित उपचार और सतर्कता से मिली राहत!*

Bureau Report/ Sarvesh Chaturvedi/ Farenda News 18 Plus /Correspondent 

महराजगंज/आनंदनगर,फरेंदा क्षेत्र में मारपीट की एक गंभीर घटना में घायल युवक की जान समय रहते एएलएस एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से बच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत में सुधार बताया जा रहा है।

 

जानकारी के अनुसार, थाना फरेंदा क्षेत्र के ग्राम उदितपुर टोला पिपरौली निवासी 30 वर्षीय पंकज चौधरी पुत्र राम अयोध्या मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गहरा घाव हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण युवक की हालत बिगड़ने लगी।

 

घटना के बाद घायल युवक की बहन मीरा तत्काल उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा बनकटी पहुंचीं। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के चलते मरीज को जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।

 

इसी दौरान एएलएस एम्बुलेंस संख्या UP32BG8174 मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस के ईएमटी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने तत्परता दिखाते हुए मरीज को सुरक्षित एम्बुलेंस में शिफ्ट कराया। उन्होंने रास्ते में प्रेशर बैंडेज लगाकर रक्तस्राव को नियंत्रित किया, मरीज के वाइटल्स की लगातार निगरानी की तथा ऑक्सीजन सपोर्ट उपलब्ध कराया।

 

वहीं चालक सरवर हुसैन ने तेजी और सावधानीपूर्वक वाहन चलाते हुए कम समय में मरीज को जिला चिकित्सालय महराजगंज के इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से घायल पंकज चौधरी की स्थिति में काफी सुधार बताया जा रहा है।

 

स्थानीय लोगों ने एएलएस एम्बुलेंस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि फरेंदा-बनकटी क्षेत्र में यह सुविधा गंभीर मरीजों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। लोगों का कहना है कि आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ और त्वरित परिवहन व्यवस्था कई जिंदगियां बचाने का कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *