Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
एसपी ने अपराध गोष्ठी में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, लंबित विवेचनाओं और वांछितों की गिरफ्तारी में तेजी लाने पर जोर!
महराजगंज। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस कार्यालय में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, स्वाट, एसओजी व सर्विलांस टीम के अधिकारी मौजूद रहे।
गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, वांछित अपराधियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी तथा अनावरण शेष मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति/जनजाति से जुड़े अपराधों और निरोधात्मक कार्रवाई की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, एसआईडी और ऑपरेशन क्लीन की प्रगति की समीक्षा भी की गई। साथ ही अपहृतों की बरामदगी, गुमशुदा बच्चों की तलाश तथा मिशन मोड में चिन्हित मामलों की कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा हुई।
महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय रहने को कहा गया।
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। वहीं संभावित बाढ़ आपदा को देखते हुए पुलिस चौकियों को सक्रिय रखने, नाव, गोताखोर, जेसीबी, ट्रैक्टर व अन्य संसाधनों की सूची तैयार रखने तथा राहत एवं बचाव कार्य के लिए आपदा मित्रों को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया।
आईजीआरएस एवं जनसुनवाई प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल देते हुए थानाध्यक्षों को शिकायतकर्ताओं से बेहतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही संदिग्ध होटलों व प्रतिष्ठानों की जांच, खराब सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने तथा वाहन चेकिंग के दौरान आम जनता से सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं बेहतर कार्य वातावरण को लेकर भी चर्चा हुई तथा अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।