Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस का अभियान लगातार जारी है। 24 मई 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वालों, संदिग्ध व्यक्तियों और शांति भंग करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की।
पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना लाइसेंस वाहन चलाने, ओवरलोडिंग तथा तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले कुल 408 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस ने कई स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत कुल 56 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा, जबकि 34 पुलिस एक्ट के तहत 20 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
वहीं “मिशन शक्ति” अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी।
जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त अभियान भी चलाया गया। पुलिस टीमों ने बाजारों, बैंक, एटीएम और ग्राहक सेवा केंद्रों की सुरक्षा जांच की तथा व्यापारियों और आम लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए भी सहयोग की अपील की गई।
साम्प्रदायिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों और संभ्रांत नागरिकों से संवाद किया। अधिकारियों ने अफवाहों पर ध्यान न देने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
इसी क्रम में थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त इसरावती पत्नी रामभवन निवासी सेमरहनी के कब्जे से 5 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
लंबित मामलों के निस्तारण अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों ने कुल 28 विवेचनाओं का निस्तारण किया। इसके अलावा 23/24 मई की रात विभिन्न अपराधों में कुल 57 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई।