Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Nichlaul News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस एवं प्रशासन ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो दिनों में 71 वाहनों को सीज कर दिया। इस व्यापक अभियान के बाद खनन माफियाओं और अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
जनपद में अपराध नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी, चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नदी तटों, निर्माणाधीन क्षेत्रों और खनन प्रभावित इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई।
संयुक्त टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान अवैध रूप से मिट्टी और बालू खनन तथा परिवहन में लगे वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया।
दो दिनों में हुई बड़ी कार्रवाई
26 मई 2026 को की गई कार्रवाई में
13 ट्रैक्टर-ट्रॉली
07 लोडर
02 जेसीबी मशीन
02 डम्पर
सीज किए गए।
वहीं 27 मई 2026 को अभियान और तेज करते हुए
32 ट्रैक्टर-ट्रॉली
05 लोडर
02 जेसीबी मशीन
05 डम्पर
01 ट्रक
01 पिकअप वाहन
01 दोपहिया वाहन
को सीज किया गया।
इस प्रकार दोनों दिनों में कुल 71 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान वाहन चालकों और स्वामियों से खनन अनुमति पत्र, परिवहन प्रपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर नियमानुसार सीज की कार्रवाई करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार निगरानी रखकर ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि अवैध खनन से शासन को राजस्व हानि होती है, साथ ही पर्यावरण और कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को देखते हुए जनपद में लगातार अभियान चलाकर अवैध खनन में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।