*मां की इच्छा से होगी अनुकंपा नियुक्ति, डीएम ने बेटे को लगाई फटकार।“मां-बाप की सेवा संतानों का फर्ज, बदले में अपेक्षा अमानवीय”*

Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor 

महराजगंज, 27 मई 2026। तहसील निचलौल के नजारत अनुभाग में कार्यरत नियमित चपरासी स्वर्गीय नन्दलाल के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति प्रकरण में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संवेदनशीलता और सख्ती के साथ सुनवाई करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नियुक्ति की कार्रवाई मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा एवं सहमति के अनुसार ही सुनिश्चित की जाए।

ग्राम पनेवा पनेई, थाना कोतवाली, तहसील सदर निवासी सोना देवी पत्नी स्वर्गीय नन्दलाल ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति का निधन 2 जनवरी 2026 को हो गया था। परिवार में पांच पुत्र हैं, जिनमें बड़े पुत्र अमित कुमार एवं दूसरे पुत्र अविनाश कुमार का विवाह हो चुका है। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया कि बड़ा पुत्र और उसकी पत्नी उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं मारपीट करते हैं तथा अलग निवास करते हैं।

सोना देवी ने अपने तीसरे पुत्र अभिषेक कुमार गौतम को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दिए जाने की सहमति दी। वहीं अन्य पुत्र अविनाश कुमार, अमिताभ कुमार एवं आदित्य कुमार ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति जताई। प्रार्थिनी ने कहा कि उनके भरण-पोषण, देखभाल और परिवार की जिम्मेदारी अभिषेक कुमार गौतम द्वारा निभाई जा रही है।

सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने आरोपित पुत्र को कड़ी चेतावनी देते हुए परिवार के प्रति जिम्मेदार और मर्यादित व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मां-बाप की सेवा करना सभी संतानों का कर्तव्य है और इसके बदले किसी प्रकार की अपेक्षा करना अमानवीय एवं निंदनीय है। उन्होंने कहा कि माता-पिता तमाम कठिनाइयों को सहकर बच्चों का पालन-पोषण करते हैं, ऐसे में बड़े होने के बाद औलादों का दुर्व्यवहार बेहद शर्मनाक है।

जिलाधिकारी ने अतिरिक्त उपजिलाधिकारी प्रेम प्रकाश पाण्डेय को निर्देशित किया कि मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा के अनुरूप नियुक्ति संबंधी आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जाए तथा संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *