Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज, 29 मई 2026 बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा–2026 को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा कार्य में लगाए गए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन कर लें, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराई जा सके। उन्होंने स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों का पूर्व में भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं की गहन जांच करें तथा किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराकर समय रहते उसे दूर कराएं।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा मेडिकल टीम की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के सामान सुरक्षित रखने हेतु क्लॉक रूम की व्यवस्था प्रवेश द्वार के समीप अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी लगाने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के भी निर्देश दिए गए।
बताया गया कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 31 मई 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 2221 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी तथा जनपद में कुल 06 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर विजय यादव एवं प्रेम शंकर पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।