Bureau, Report /Rakesh Tripathi Maharajganj/ Chief Editor
16 जून तक चलेगा विशेष जांच अभियान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील!
महराजगंज:गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की समय रहते पहचान एवं नियंत्रण के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन परिसर में विशेष एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह सहित कुल 97 अधिकारियों और कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
जांच के दौरान 14 व्यक्तियों में उच्च रक्तचाप (बीपी) तथा 11 व्यक्तियों में मधुमेह (शुगर) के लक्षण पाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी प्रभावित व्यक्तियों को नियमित उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह और अन्य गैर संचारी रोग प्रारंभिक अवस्था में अक्सर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के विकसित होते हैं। इसलिए 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से इन बीमारियों को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है तथा गंभीर जटिलताओं से बचाव संभव है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और संतुलित आहार लेने का आह्वान किया।
एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. वीर विक्रम सिंह ने बताया कि जनपद में 16 जून तक निर्धारित रोस्टर के अनुसार विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों पर एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान का लाभ उठाकर अपनी जांच कराने की अपील की।
सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. के.पी. सिंह ने बताया कि स्क्रीनिंग के दौरान बीपी और शुगर से प्रभावित पाए गए लोगों को आवश्यक परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। अभियान में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भागवत सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।