*मुख्यमंत्री के हाथों प्रदेश के 1682 मेधावी सम्मानित, महराजगंज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिला विशेष सम्मान।*

Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus/ Chief Editor  

महराजगंज, 01 जून 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। प्रदेश स्तर पर विभिन्न शिक्षा बोर्डों के कुल 1682 मेधावियों को सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, संस्कृत शिक्षा परिषद, सीबीएसई एवं सीआईएससीई बोर्ड की टॉप-10 सूची में शामिल विद्यार्थियों को एक लाख रुपये का चेक, टैबलेट, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

 

इसी क्रम में जनपद महराजगंज के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सम्मानित छात्र-छात्राएं अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे।

 

पनियरा विधायक ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह देते हुए मोबाइल एवं डिजिटल संसाधनों के सकारात्मक उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक ज्ञान अर्जित करने का सशक्त माध्यम है, लेकिन इसके दुरुपयोग से बचना भी आवश्यक है।

 

फरेंदा विधायक ने कहा कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर पर प्राप्त सफलता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने निरंतर अध्ययन, अनुशासन और परिश्रम को सफलता बनाए रखने का मूल मंत्र बताया।

 

जिलाधिकारी ने मेधावियों को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान उपलब्धि को अंतिम लक्ष्य न मानते हुए आगे की सफलताओं की शुरुआत के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने समारोह के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

सम्मानित विद्यार्थियों में हाईस्कूल वर्ग से विजय लक्ष्मी, आयुषी, अनामिका, आस्था, दीक्षा, रितिका, अदिति, अवंतिका, हाजरा खातून एवं कशिश शामिल रहीं। हाईस्कूल परीक्षा में जनपद के 39,067 विद्यार्थियों में से 37,057 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें 34,374 विद्यार्थी सफल घोषित हुए।

 

इंटरमीडिएट वर्ग में विश्वम्भर, सत्यम, पवन, सचिन, शबनम, सौरभ, सरस्वती, स्मिता, आस्था सहित कुल 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट परीक्षा में 32,707 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 31,185 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 27,166 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। जनपद का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 87.11 रहा।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। समारोह में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके  केअभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *